हॉलीवुड अभिनेता ब्रैड पिट की नई फिल्म Heart of the Beast 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। Paramount Pictures की घोषणा के मुताबिक फिल्म का निर्देशन Fury (2014) के बाद एक बार फिर डेविड आयर ने किया है, जो इससे पहले भी ब्रैड पिट के साथ काम कर चुके हैं। फिल्म की वर्ल्ड प्रीमियर 16 सितंबर को अमेरिका के टेनेसी में हुई थी, जिसके बाद 25 सितंबर को यह पूरे अमेरिका में रिलीज हुई।
कहानी: रिटायर्ड सैनिक और उसके कॉम्बैट डॉग की जंग
रिव्यू में सामने आए विवरण के मुताबिक फिल्म में ब्रैड पिट ने जेम्स बेलमॉन्ट नाम के एक रिटायर्ड स्पेशल फोर्सेज ऑफिसर का किरदार निभाया है, जिसने करीब 30 साल इराक और अफगानिस्तान जैसे युद्ध क्षेत्रों में सेवा दी है। रिटायरमेंट के बाद जेम्स एक शांत जिंदगी जी रहा है, लेकिन अकेला नहीं है। उसके साथ है उसका कॉम्बैट डॉग Odin, जो कई खतरनाक मिशनों में उसका साथी रहा है और जिसके शरीर पर उन मिशनों के निशान आज भी मौजूद हैं, टाइटेनियम दांत, एक नकली पैर, और युद्ध की यादों से जुड़े बुरे सपने।
कहानी तब मोड़ लेती है जब जेम्स अपना छोटा Cessna विमान लेकर अलास्का के जंगल की ओर उड़ान भरता है और हादसे का शिकार हो जाता है। दुर्घटना के बाद जेम्स और Odin खुद को अलास्का के बेहद दुर्गम इलाके में अकेला पाते हैं, जहां से सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचने के लिए उन्हें करीब 58 मील का सफर तय करना है, वो भी बेहद सीमित संसाधनों और खराब मौसम के बीच।
इंसान और उसके कुत्ते के बीच का रिश्ता है कहानी की जान
Heart of the Beast में इंसान और उसके सैन्य कुत्ते के बीच के भावनात्मक रिश्ते को कहानी का सबसे अहम हिस्सा बनाया गया है। फिल्म समीक्षकों ने खासतौर पर ब्रैड पिट और Odin की भूमिका निभाने वाले डॉग एक्टर Uber की केमिस्ट्री की तारीफ की है। जेम्स के लिए Odin सिर्फ एक पालतू जानवर नहीं, बल्कि जंग के मैदान का साथी और परिवार जैसा है, और यही रिश्ता फिल्म को एक साधारण सर्वाइवल कहानी से आगे ले जाता है। दमदार परफॉर्मेंस और भावनात्मक कहानियों को हॉलीवुड में अक्सर Academy और अवॉर्ड सीजन में भी गंभीरता से लिया जाता है, और Heart of the Beast को लेकर भी समीक्षकों के बीच ऐसी ही चर्चा शुरू हो गई है।
कास्ट और रिलीज से जुड़ी अहम बातें
ब्रैड पिट के अलावा फिल्म में जे.के. सिमंस और अन्ना लांबे भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह डेविड आयर और जे.के. सिमंस का Harsh Times (2005) के बाद दूसरा साथ है। फिल्म को Cameron Alexander ने लिखा है, और इसके प्रोड्यूसर्स में खुद डेविड आयर और ब्रैड पिट के साथ Olivia Hamilton और Marty Bowen शामिल हैं, जबकि डेमियन शैज़ेल एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की भूमिका में हैं।
PG-13 रेटिंग वाली इस फिल्म की अवधि 101 मिनट है और इसे Paramount Pictures ने रिलीज किया है। अमेरिका में यह फिल्म DreamWorks की Forgotten Island और Avengers: Endgame की दोबारा रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर टक्कर ले रही है, ठीक उसी तरह जैसे इस हफ्ते भारतीय सिनेमाघरों में भी नई रिलीज के बीच बॉक्स ऑफिस की जंग देखने को मिल रही है।