रैपर से नेता बने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज, रविवार 22 नवंबर को भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है, और यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है। दोनों देशों के बीच रिश्तों में नई शुरुआत की उम्मीदों के बीच इस दौरे पर सबकी नजरें टिकी हैं।
कौन-कौन आया है साथ?
बालेन शाह नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से दिल्ली पहुंचे। उनके साथ 35 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल है, जिसमें नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर समेत वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल की बनावट से ही साफ है कि यह दौरा सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि ठोस आर्थिक और कूटनीतिक नतीजों पर केंद्रित है।
कल मोदी से होगी अहम वार्ता
दौरे का सबसे बड़ा कार्यक्रम सोमवार, 23 नवंबर को होगा, जब बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा करेंगे और साझा हितों के क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्रियों की संयुक्त प्रेस वार्ता भी होने की संभावना है।
अपने प्रवास के दौरान शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट करेंगे और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी उन्हें आधिकारिक लंच भी देंगे। शाह सोमवार शाम 6:35 बजे नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से काठमांडू लौट जाएंगे।
₹2 अरब के आर्थिक पैकेज पर नजर
दौरे से पहले नेपाल ने भारत से करीब 2 अरब डॉलर (लगभग ₹18,000 करोड़) के आर्थिक पैकेज का प्रस्ताव रखा है। इसमें 1 अरब डॉलर का अनुदान भी शामिल है। नेपाल यह राशि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने और हाल में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण पर खर्च करना चाहता है।
दूसरी ओर, भारत ने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग, निवेश, पारवहन, ऊर्जा, डिजिटल संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनस्तर के संबंधों को विस्तार देने वाला संयुक्त विजन दस्तावेज प्रस्तावित किया है। दौरे के अंत में इस दस्तावेज को औपचारिक रूप से स्वीकार किए जाने की तैयारी है।
किन समझौतों पर होंगे हस्ताक्षर?
दौरे के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ऊर्जा के क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। साथ ही ऊर्जा और संपर्क से जुड़ी पूरी हो चुकी परियोजनाओं का संयुक्त उद्घाटन और नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी कार्यक्रम में है।
एक बड़ी पहल के तहत भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की नगरी जनकपुर धाम के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं। यह धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को नई रफ्तार देगा।

मतभेदों पर भी होगी बात
यह दौरा दोनों देशों के पुराने मतभेदों को कम करने का मौका भी देगा। लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा से जुड़ा सीमा विवाद और भारतीय सेना में नेपाली गोरखा सैनिकों की भर्ती से जुड़े असहमतियों के मुद्दे भी चर्चा में आ सकते हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह दौरा द्विपक्षीय सहयोग को कई क्षेत्रों में और गहरा करने का अवसर देगा।
क्यों खास है यह दौरा?
बालेन शाह ने मार्च 2026 में नेपाल की कमान संभाली थी। सितंबर में वे संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने न्यूयॉर्क गए थे, लेकिन बतौर प्रधानमंत्री यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है — और उन्होंने इसके लिए भारत को चुना। यह चुनाव ही दोनों देशों के रिश्तों में भारत की केंद्रीय भूमिका को दर्शाता है। अब सबकी नजर सोमवार की मोदी-शाह वार्ता पर है, जहां से ठोस घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है।
यह भी पढ़ें
- नीतीश सेतु उद्घाटन: वैशाली में PM मोदी
- भारत-अमेरिका व्यापार समझौता: 99 प्रतिशत का रुबियो का दावा
- मार्को रुबियो भारत दौरा: मुंबई-जामनगर ऊर्जा और व्यापार

